महिलाओं को ड्राइविंग का हक दिलाने वाली लुजैन से सऊदी अरब को खतरा महसूस हुआ, 6 साल की सजा मिली
सऊदी अरब की एक अदालत ने सोशल एक्टिविस्ट लुजैन अल हथलौल को पांच साल आठ महीने की सजा सुनाई है। लुजैन दो साल से जेल में हैं। उन पर आरोप है कि वो देश के पॉलिटिकल सिस्टम को बदलना चाहती हैं। उन्हें राष्ट्र की सुरक्षा के लिए खतरा भी बताया गया है। लुजैन ने देश में महिलाओं को ड्राइविंग का अधिकार दिलाने के लिए कैम्पेन चलाया था। बाद में क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने इसे उदारवादी मांग बताया और महिलाओं को गाड़ी चलाने का अधिकार दे दिया था।
मार्च तक रिहा हो जाएंगी लुजैन
सोमवार को लुजैन (31) को सजा सुनाते वक्त कोर्ट ने उन्हें एक राहत भी दी। वे 15 मई 2018 से जेल में हैं। लुजैन ने जितना वक्त जेल में गुजारा है, उसे प्रिजन पीरिएड यानी सजा के तौर पर देखा जाएगा। कुल पांच साल आठ महीने की सजा में से यह वक्त निकाला जाएगा। ‘द गार्डियन’ की रिपोर्ट के मुताबिक, लुजैन मार्च के आखिर तक रिहा हो जाएंगी। उनकी दो साल 10 महीने की सजा को सस्पेंड भी रखा गया है। इसी वजह से उनकी रिहाई हो सकेगी।
हालांकि, रिहाई के साथ दो शर्तें भी होंगी। पहली- वे पांच साल तक किसी दूसरे देश की यात्रा नहीं कर सकेंगी। दूसरी- किसी तरह के विरोध प्रदर्शन या कैम्पेन की हिस्सा नहीं बनेंगी।
बहन ने कहा- वो आतंकी नहीं है
सोमवार को सजा के ऐलान के बाद लुजैन की बहन लीना ने कहा- मेरी बहन एक्टिविस्ट है, टेरेरिस्ट नहीं। उसे सजा देना गलत है। हम इस फैसले के खिलाफ अपील करेंगे। उसने तो उन अधिकारों के लिए आवाज बुलंद की, जो हमारे प्रिंस खुद दे रहे हैं।
लुजैन को 2014 में भी गिरफ्तार किया गया था। तब सऊदी में महिलाओं को ड्राइविंग राइट्स नहीं थे। तब वे 74 दिन पुलिस कस्टडी में रहीं थीं। अमेरिका और यूएन के दबाव के बाद उन्हें रिहा किया गया था।
अमेरिका की नजर
अमेरिका में जो बाइडेन 20 जनवरी को सत्ता संभालेंगे। मानवाधिकारों को लेकर बाइडेन का रवैया हमेशा से सख्त रहा है। अमेरिकी विदेश विभाग ने एक बयान में कहा- लुजैन को सजा दिए जाने से हम चिंतित हैं। उम्मीद है उन्हें जल्द रिहा किया जाएगा। अमेरिका के अगले NSA जैक सुलिवान ने कहा- हम रियाद के सामने यह मामला उठाएंगे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3nX4Ai9
https://ift.tt/38Mg9lU
Comments
Post a Comment
https://draftingofgovernmentletters.blogspot.com/
https://gazabpostinindianblogger.blogspot.com